THE NewsBar | कोलकाता। पश्चिम बंगाल में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीतिक माहौल फिर गरमा गया है। तृणमूल कांग्रेस की सांसद ने सोशल मीडिया पर फिल्मी अंदाज में केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए एक मजेदार लेकिन तीखा वीडियो साझा किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
सांसद ने पुराने बॉलीवुड गाने “तोहफा तोहफा तोहफा…” की तर्ज पर गाते हुए कहा – “तोहफा तोहफा तोहफा तोहफा लाया लाया लाया… पेट्रोल-डीजल की कीमत में बढ़ोतरी!”
इसके साथ उन्होंने कोलकाता में पेट्रोल और डीजल के ताजा दाम भी साझा किए। उनके मुताबिक शहर में पेट्रोल 108.74 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। पोस्ट के अंत में उन्होंने तंज कसते हुए लिखा –
“जीत गए बंगाल, अब कर देंगे कंगाल!”
सायनी घोष के इस अंदाज ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। कोई इसे “क्रिएटिव विरोध” बता रहा है तो कोई इसे आम जनता की परेशानी की आवाज कह रहा है। वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस बयान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार को घेरने में जुटा है। ऐसे में फिल्मी गाने के जरिए किया गया यह हमला अब राजनीतिक बहस के साथ-साथ लोगों के मनोरंजन का विषय भी बन गया है।
