THE NewsBar | पांढुर्णा/मुलताई। पांढुर्णा जिला मुख्यालय से सटे मुलताई तहसील सहित मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती में कंपन महसूस होते ही लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कई लोग घरों व दुकानों से बाहर निकल आए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप रात 9:31 बजे (IST) दर्ज किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 मापी गई। भूकंप का केंद्र बैतूल क्षेत्र में 21.907° उत्तरी अक्षांश और 78.716° पूर्वी देशांतर पर स्थित था। वहीं इसकी गहराई जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है।
भूकंप के झटके मुलताई, बैतूल और आसपास के क्षेत्रों में कुछ सेकंड तक महसूस किए गए। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि अचानक कंपन होने से लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर निकल पड़े। हालांकि शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
घटना के बाद प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। भूकंप के झटकों के कारण क्षेत्र में कुछ समय तक भय और चिंता का माहौल बना रहा।