विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

SBI अलर्ट: कल से लगातार 6 दिन बंद रह सकती हैं बैंक शाखाएं, आज ही निपटाएं पैसों से जुड़े जरूरी काम

Share:

Join Whatsapp group

THE NewsBar | देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। अगर आपका बैंक ब्रांच से जुड़ा कोई भी काम जैसे चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट बनवाना या कोई दस्तावेजी काम पेंडिंग है, तो उसे आज (22 मई, शुक्रवार) ही निपटा लें। ऐसा इसलिए क्योंकि कल यानी 23 मई से लेकर 28 मई 2026 तक देश के अलग-अलग हिस्सों में एसबीआई की शाखाएं लगातार 6 दिनों तक बंद रह सकती हैं।

राहत की बात बस यह है कि इस दौरान ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई (UPI) और एटीएम (ATM) सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी। आइए विस्तार से समझते हैं कि आखिर लगातार 6 दिनों तक कामकाज प्रभावित होने की मुख्य वजहें क्या हैं।

क्यों बंद रहेंगे बैंक? जानिए तारीख-वार पूरी वजहें

मई के इस आखिरी हफ्ते में बैंकों के बंद रहने के पीछे वीकेंड, कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल और बकरीद (ईद-उल-अजहा) का त्योहार शामिल है। इसका पूरा शेड्यूल इस प्रकार है:

  • 23 मई (चौथा शनिवार): नियम के मुताबिक, देश के सभी बैंकों में हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है।

  • 24 मई (रविवार): साप्ताहिक अवकाश के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे।

  • 25 और 26 मई (सोमवार और मंगलवार) – एसबीआई स्टाफ की हड़ताल: ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने मैनेजमेंट के सामने अपनी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर 25 और 26 मई को दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियन का आरोप है कि बैंक में परमानेंट नौकरियों की आउटसोर्सिंग की जा रही है और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आर्मड गार्ड्स की भर्ती नहीं हो रही है। इस हड़ताल के कारण शाखाओं में कामकाज ठप रह सकता है।

  • 27 और 28 मई (बुधवार और गुरुवार) – बकरीद की छुट्टी: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की आधिकारिक हॉलिडे लिस्ट के अनुसार, देश के अधिकांश हिस्सों में 27 मई को बकरीद के मौके पर बैंक बंद रहेंगे। वहीं कुछ राज्यों में यह छुट्टी 28 मई को होगी। जम्मू-कश्मीर और श्रीनगर जैसे क्षेत्रों में 27 और 28 मई दोनों ही दिन बैंकों में अवकाश रहेगा।

काम की बात: हालांकि बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन आप अपने ट्रांसफर, बिल पेमेंट और कैश विड्रॉल जैसे काम इंटरनेट बैंकिंग, योनो (YONO) ऐप और नजदीकी एटीएम के जरिए आसानी से कर सकते हैं। डिजिटल ट्रांजैक्शन पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।

error: Copy not allowed