THE NewsBar | पांढुर्णा/सौंसर। जिले के सौंसर क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा अवैध शराब से भरी बोलेरो वाहन को जब्त किए जाने के दौरान आरोपियों ने उसे छुड़ाने के लिए फिल्मी अंदाज में हमला कर दिया। चलती गाड़ी को रोकने की कोशिश की गई, कांच तोड़कर शराब की पेटियां सड़क पर फेंकी गईं और आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, 21 मई 2026 की शाम ऊटेकाटा मार्ग स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे बोलेरो वाहन क्रमांक एमएच-27 एसी-5039 संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। वाहन में शराब भरी होने की सूचना पर शराब ठेकेदार के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और चालक से पूछताछ की।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम संदीप बावने पिता प्रकाश बावने (34), निवासी रामाकोना बताया। उसने वाहन में अंग्रेजी शराब होने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि शराब अभय राठौर निवासी रामाकोना द्वारा लाकर दी गई थी, जिसे रामाकोना क्षेत्र में उतारा जाना था।
बताया गया कि जब कर्मचारियों ने वाहन को थाना ले जाने की बात कही, तो चालक ने भागने का प्रयास किया। इसके बाद कर्मचारी बोलेरो वाहन को लेकर सौंसर की ओर रवाना हुए। इसी दौरान रेलवे ब्रिज के ऊपर पहले से मौजूद 3 से 4 युवक मोटरसाइकिल लगाकर वाहन रोकने का प्रयास करने लगे।
वाहन की रफ्तार धीमी होते ही एक युवक अचानक बोलेरो में घुस गया और कर्मचारियों से झूमाझटकी शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी ने बोलेरो का पिछला कांच तोड़ दिया और अंदर रखी शराब की पेटियां सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया।
घटना के दौरान एक आरोपी चलती गाड़ी से नीचे गिरकर घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को आसपास मौजूद लोग बोरियों में भरते दिखाई दिए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने बोलेरो वाहन की तलाशी ली, जिसमें 34 नग 180 एमएल देशी प्लेन शराब तथा 75 नग 180 एमएल ऑफिसर चॉइस अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस द्वारा आरोपी संदीप बावने से शराब परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने अवैध शराब और बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया।
मामले में पुलिस ने अभय राठौर सहित 2-3 अन्य आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) तथा बीएनएस की धारा 126(2), 324(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना ने क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क और उसके दुस्साहस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।