विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

नल-जल योजना ने खोदी सड़कें, एक साल से मरम्मत नहीं; शिकायत लेकर जनसुनवाई पहुंचे पंधराखेड़ी के ग्रामीण

Share:

Join Whatsapp group

अपर कलेक्टर ने दिए तीन दिन में कार्य शुरू करने के निर्देश, पीएचई विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में नाराजगी

THE NewsBar | पांढुर्णा ग्राम पंचायत पंधराखेड़ी के ग्रामीणों ने नल-जल योजना के तहत खोदी गई सड़कों की लंबे समय से मरम्मत नहीं होने और अधूरे पड़े कार्यों को लेकर मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा गत वर्ष पाइपलाइन बिछाने के लिए गांव की सड़कों को खोदा गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी मरम्मत कार्य पूरा नहीं किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में दो नई गलियों में पाइपलाइन डालने के लिए फिर से सड़कें खोद दी गईं, लेकिन पिछले दो माह से वहां भी कोई कार्य नहीं किया गया है। इससे आवागमन में परेशानी हो रही है तथा ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के माध्यम से कई बार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को फोन एवं अन्य माध्यमों से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभाग की उदासीनता से परेशान होकर ग्रामीणों को आखिरकार जनसुनवाई का सहारा लेना पड़ा।

मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने तीन दिन के भीतर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश जारी किए।

जनसुनवाई में पहुंचे 20 आवेदन

राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कुल 20 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पेयजल, सड़क, अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास योजना, भू-अधिकार पट्टा, जाति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, लाड़ली बहना योजना तथा खसरा-नक्शा दुरुस्ती से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

जनसुनवाई में ग्राम दुधा के महेंद्र एवं धर्मपाल ने राजोराखुर्द-दुधा पेयजल पाइपलाइन के दो खराब वॉल्व बदलकर पानी की बर्बादी रोकने की मांग की। वहीं ग्राम नरसला निवासी पन्ना बुवाड़े ने खेतों में पानी भराव की समस्या को देखते हुए पुलिया एवं नाली निर्माण की मांग रखी। इसके अलावा जनपद पंचायत पांढुर्णा के मनरेगा कर्मचारियों ने छह माह से लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा भी उठाया।

जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर मेघा शर्मा एवं नेहा सोनी, प्रभारी तहसीलदार प्रेक्षा पाठक, प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

error: Copy not allowed