THE NewsBar | नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 24 वर्षीय विवाहित महिला ने अपने पूर्व सहपाठी और उसके साथियों पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, लाखों रुपये की उगाही करने तथा जबरन धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मौलवी अभी फरार बताया जा रहा है।
पीड़िता के अनुसार उसका पति भारतीय वायुसेना में अधिकारी है और वर्तमान में दूसरे शहर में पदस्थ है। महिला नागपुर में रहकर प्रॉपर्टी से जुड़ा व्यवसाय संचालित करती है।
प्लॉट खरीदने के बहाने बुलाया
एफआईआर के अनुसार, मुख्य आरोपी अय्याज ताज मदारे, जो महिला का स्कूल समय का परिचित था, ने फरवरी 2025 में प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया। आरोप है कि 8 फरवरी को एक होटल में मुलाकात के दौरान आरोपी ने महिला के पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिला दिया। होश आने पर महिला को पता चला कि उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए जा चुके थे।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किया शोषण
महिला का आरोप है कि इन तस्वीरों और वीडियो के आधार पर आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा। आरोपी ने वीडियो उसके पति को भेजने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर कई बार उसका यौन शोषण किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने उससे लगभग चार लाख रुपये भी वसूले।
जबरन धर्मांतरण और काला जादू के आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे कथित तौर पर सम्मोहन, तंत्र-मंत्र और काला जादू जैसी गतिविधियों के जरिए मानसिक रूप से प्रभावित किया गया। शिकायत के अनुसार, 31 मई को उसे नागपुर के पास कलमेश्वर क्षेत्र ले जाया गया, जहां एक मौलवी द्वारा धार्मिक अनुष्ठान कराए गए और उससे उसकी इच्छा के विरुद्ध धर्म परिवर्तन संबंधी बातें कहलवाई गईं।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करने और अपनी इच्छा के विरुद्ध कुछ कार्य करने के लिए मजबूर किया गया।
वायरल वीडियो बना जांच का अहम हिस्सा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें एक महिला रोती और छोड़ने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है। पुलिस इस वीडियो की सत्यता और मामले से उसके संबंध की जांच कर रही है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह वीडियो कथित धर्मांतरण प्रक्रिया से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
नागपुर पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर दुष्कर्म, जबरन वसूली, आपराधिक धमकी, जबरन धर्म परिवर्तन तथा महाराष्ट्र के अंधश्रद्धा एवं काला जादू विरोधी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अय्याज ताज मदारे और अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हजरत मौलाना नामक आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस कर रही डिजिटल और वित्तीय जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में जब्त मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। साथ ही वायरल वीडियो, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।