विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

पांढुर्णा: केशवा डेयरी में फफूंद लगी मिठाई, दूध में मरी मक्खियां और सौदागर होटल में 15 दिनों की बासी ग्रेवी मिली; ₹14,500 का स्पॉट फाइन

Share:

Join Whatsapp group

THE NewsBar | पांढुर्णा। वर्षों बाद रविवार को पांढुर्णा जिले में राजस्व विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने खाद्य एवं मिष्ठान्न दुकानों पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने शहर की कुल 16 दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई।

सबसे चौंकाने वाला मामला शांति निकेतन अमरावती रोड स्थित केशवा डेयरी में सामने आया। निरीक्षण के दौरान दूध में मरी हुई मक्खियां, मिठाई में फफूंद और लंबे समय से रखी मिठाई का रंग काला पाया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर डेयरी की 3 मशीनें सील की गईं।

कार्रवाई के दौरान डेयरी से 2 जार दही, करीब आधा किलो मिठाई, 2 कैरेट यानी लगभग 55 लीटर दूध और एक्सपायर्ड कैडबरी चॉकलेट की 2 यूनिट का विनष्टीकरण कराया गया। परिसर में गंदगी पाए जाने पर ₹2,000 का स्पॉट फाइन भी लगाया गया।

बस स्टैंड के होटलों में मिली कई दिन पुरानी ग्रेवी

बस स्टैंड स्थित सौदागर होटल में चिकन-मटन, प्याज-टमाटर की करीब 15 दिन पुरानी ग्रेवी, जबकि चना और साउजी मसाले की करीब 3 दिन पुरानी ग्रेवी मिली। कुल करीब 7.5 किलो ग्रेवी का विनष्टीकरण कराया गया।

योगेश उपहार गृह में 24 यूनिट पिज्जा, जिसकी कीमत करीब ₹1,680, और 17 गिलास लस्सी, जिसकी कीमत करीब ₹680 थी, का विनष्टीकरण किया गया। दुकान से मिठाई के सैंपल भी जांच के लिए लिए गए।

इसके अलावा समोसा-कचौड़ी भंडार और इंदौर सेव भंडार में गंदगी मिलने पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई। बस स्टैंड क्षेत्र की कुल 8 दुकानों का निरीक्षण कर संचालकों को नियमित सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

14 सैंपल जांच के लिए लिए गए

पूरी कार्रवाई के दौरान कुल ₹14,500 का स्पॉट फाइन किया गया। साथ ही 8 लीगल और 6 सर्विलांस, कुल 14 सैंपल लिए गए, जिन्हें कुल 38 भागों में जांच के लिए एकत्रित किया गया।

यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश और एसडीएम पांढुर्णा के मार्गदर्शन में कार्यपालक मजिस्ट्रेट मोहित गणवीर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सनोडिया, स्वास्थ्य निरीक्षक अजय कड़वे, पटवारीगण एवं नगर पालिका टीम द्वारा की गई।

खाद्य दुकानों में मिली यह लापरवाही शहरवासियों की सेहत और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब जांच रिपोर्ट और आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।

error: Copy not allowed