पांढुर्णा से मैजिक और कार के जरिए आता है तंबाकू-सिगरेट का माल, सप्लायरों तक पहुंचने की तैयारी
THE NewsBar | शुभम नांदेकर, नागपुर/पांढुर्णा। प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मानकापुर पुलिस ने खान साहब मोहब्बती टी-स्टॉल एंड नाश्ता प्वाइंट पर छापा मारकर लुंबीनीनगर निवासी शिवमकुमार शंकरलाल उमर (26) को गिरफ्तार किया। दुकान की तलाशी में विभिन्न ब्रांड के प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू उत्पाद और 1,500 रुपये नकद सहित 9,590 रुपये का माल जब्त किया गया।
पूछताछ में खुला पांढुर्णा कनेक्शन
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू पांढुर्णा से लिया गया था। उसने यह भी बताया कि तंबाकू और सिगरेट का माल मैजिक और कार के जरिए पांढुर्णा से नागपुर लाया जाता है।
इस खुलासे के बाद जांच का दायरा अब केवल विक्रेता तक सीमित नहीं रह गया है। पुलिस की नजर कथित सप्लायर और पूरे नेटवर्क पर है।
पिछली कार्रवाई में भी पकड़ा गया था पांढुर्णा निवासी
इससे पहले नागपुर के वाड़ी क्षेत्र में अन्नपूर्णा अनाज भंडार के गोदाम पर छापेमारी में पांढुर्णा निवासी अशोक गोपालराव कडू (64) को पकड़ा गया था। पुलिस के अनुसार, गोदाम से पान मसाला और तंबाकू उत्पाद बरामद हुए थे तथा 32,956 रुपये का माल और 11 हजार रुपये नकद जब्त किए गए थे।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बीच पांढुर्णा से महाराष्ट्र में प्रतिबंधित तंबाकू की कथित सप्लाई जांच का अहम बिंदु बन गई है।
अब बड़े सप्लायरों पर नजर
पांढुर्णा से नागपुर के अलावा वर्धा और अमरावती सहित अन्य क्षेत्रों में भी तंबाकू व सिगरेट की कथित सप्लाई के दावों की जांच होना बाकी है। वहीं बड़े पैमाने पर कारोबार होने की स्थिति में GST चोरी का पहलू भी जांच के दायरे में आ सकता है, हालांकि करोड़ों रुपये की GST चोरी की पुष्टि अभी संबंधित जांच के बाद ही होगी।
अब सवाल यह है कि पांढुर्णा से माल भेजने वाला कौन है और इस कथित नेटवर्क के पीछे बड़े चेहरे कौन हैं? नागपुर पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ इन सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।
THE NewsBar इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।