विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई के निर्देश, दांडिक प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण

Share:

Join Whatsapp group

कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में की समीक्षा, प्राकृतिक आपदा के 65 प्रकरणों में 66.13 लाख रुपये से अधिक की राहत वितरित

THE NewsBar | पांढुर्णा। कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में अवैध कॉलोनियों के प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई करने और दांडिक मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में सौंसर, लोधीखेड़ा एवं मोहगांव से संबंधित दांडिक प्रकरणों के पंजीयन, निराकरण और बाउंड ओवर की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही विस्फोटक सामग्री एवं पटाखा गोदामों का नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्राकृतिक आपदा के 65 प्रकरणों में 66.13 लाख रुपये की राहत

बैठक में जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 21 अक्टूबर तक प्राकृतिक आपदा के 65 प्रकरणों में 66 लाख 13 हजार 470 रुपये की राहत राशि वितरित की गई। इनमें आगजनी के 33, वन्यप्राणी से संबंधित 10, अतिवृष्टि के 16, ओलावृष्टि के 2 और सर्पदंश के 4 प्रकरण शामिल हैं।

राजस्व प्रकरणों और वसूली की समीक्षा

कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, भूमि आवंटन, स्वामित्व योजना, राजस्व वसूली और फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने पर भी जोर दिया।

हिट एंड रन के 37 दावों में 28 का निराकरण

बैठक में बताया गया कि जिले में हिट एंड रन के 37 दावों में से 28 का निराकरण किया जा चुका है, जबकि एक प्रकरण निरस्त हुआ है। शेष 8 प्रकरण तहसील स्तर पर लंबित हैं। कलेक्टर ने लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा न्यायालयीन प्रकरणों, भू-अर्जन, लंबित भुगतानों, वन अधिकार अधिनियम, आयोगों से प्राप्त शिकायतों और सीएम हेल्पलाइन के मामलों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करें तथा आम नागरिकों से जुड़े मामलों में लापरवाही न बरतें।

error: Copy not allowed