DRDO ने 2026 के लिए 6 महीने की पेड इंटर्नशिप का नोटिफिकेशन जारी किया है। चयन बिना परीक्षा होगा और ₹5000 मासिक स्टाइपेंड मिलेगा। इंजीनियरिंग और साइंस के अंतिम वर्ष के छात्र आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि 05 जून 2026 तय की गई है।
THE NewsBar | DRDO Internship 2026: भारत की प्रमुख रक्षा अनुसंधान संस्था डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन ने कॉलेज छात्रों के लिए पेड इंटर्नशिप 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस इंटर्नशिप के जरिए छात्रों को देश की प्रतिष्ठित लैब में काम करने का अवसर मिलेगा। चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी, जिससे यह अवसर और भी खास बन जाता है।
जाने आवेदन करने का तरीका
DRDO की यह इंटर्नशिप सेंटर फॉर फायर एक्सप्लॉसिव एंड एनवायरमेंट सेफ्टी (CFEES) के लिए निकाली गई है, जिसकी आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी गई है। इच्छुक छात्र 20 मई 2026 से आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 05 जून 2026 निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों की सूची 15 जून 2026 को जारी की जाएगी और इंटर्नशिप की शुरुआत 01 जुलाई 2026 से होगी।
इस इंटर्नशिप की अवधि 6 महीने की होगी और चयनित छात्रों को हर महीने ₹5000 स्टाइपेंड दिया जाएगा। इंटर्नशिप की लोकेशन CFEES तिमारपुर, दिल्ली और SDC पिखुआ, उत्तर प्रदेश रखी गई है।
आवेदन के लिए क्या हैं जरूरी शर्तें
इस DRDO इंटर्नशिप के लिए वे छात्र आवेदन कर सकते हैं जो इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष में हैं या साइंस के पीजी कोर्स के अंतिम वर्ष में अध्ययन कर रहे हैं। उम्मीदवार का शैक्षणिक प्रदर्शन अच्छा होना चाहिए और उसे AICTE या UGC से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 80 प्रतिशत अंक या 10 में से 8.0 CGPA हासिल होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आवेदक की अधिकतम आयु 28 वर्ष से कम होनी चाहिए।
इतनी सीटों पर होगा सेलेक्शन
DRDO की इस इंटर्नशिप के तहत छात्रों को CFEES लैब में फायर, एक्सप्लोसिव और एनवायरमेंट सेफ्टी से जुड़ी रिसर्च और तकनीकी विकास कार्यों में शामिल किया जाएगा। यह लैब भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के लिए महत्वपूर्ण तकनीकों पर काम करती है। इंटर्नशिप सीटों में एनवायरमेंट साइंस/इंजीनियरिंग के लिए 01 सीट, इलेक्ट्रॉनिक्स और संबंधित ब्रांच के लिए 03 सीट, मैकेनिकल/ऑटोमेशन इंजीनियरिंग के लिए 03 सीट, केमिकल इंजीनियरिंग/केमिस्ट्री के लिए 05 सीट, AI&ML/डाटा साइंस के लिए 01 सीट और कंप्यूटर साइंस/IT के लिए 02 सीट निर्धारित की गई हैं।
आवेदन प्रक्रिया और दस्तावेजों की आवश्यकता
आवेदन के लिए छात्रों को DRDO की आधिकारिक वेबसाइट drdo.gov.in से फॉर्म डाउनलोड करना होगा और उसे ऑफलाइन भरकर भेजना होगा। इसमें नाम, जन्मतिथि, आधार नंबर, कॉलेज डिटेल्स, ब्रांच, CGPA और अन्य जानकारी भरनी होगी। इसके साथ कॉलेज से रेफरल लेटर, मार्कशीट और आधार कार्ड की कॉपी भी लगानी अनिवार्य है।
आवेदन पत्र को स्पीड पोस्ट के माध्यम से CFEES, DRDO, बृंग, एस.के. मजूमदार मार्ग, तिमारपुर, दिल्ली-110054 पर भेजना होगा। चयनित छात्रों को जॉइनिंग के समय ओरिजिनल आधार कार्ड, कॉलेज आईडी और पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लानी होगी।