THE NewsBar | भोपाल/खंडवा। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल में श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा के निर्देश पर मंदिर ट्रस्ट के सुपरवाइजर सहित 6 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है।
हटाए गए कर्मचारियों में दीपक मालाकार, अंकित योगी, राहुल चौहान, महेंद्र सिंह चौहान, शुभम राजपूत और उमाशंकर सिसोदिया शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार को नोएडा से करीब 30 श्रद्धालुओं का जत्था दर्शन के लिए ओंकारेश्वर पहुंचा था। अधिक मास के चलते मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। इसी दौरान कुछ श्रद्धालु नए झूला पुल के प्रतिबंधित मार्ग की ओर पहुंच गए, जिसको लेकर ट्रस्ट कर्मचारियों और श्रद्धालुओं के बीच कहासुनी हो गई।
बीच-बचाव के बावजूद नहीं थमा विवाद
विवाद बढ़ने के बाद ब्रह्मपुरी क्षेत्र स्थित वीआईपी प्रोटोकॉल कार्यालय के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि कुछ कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की और लात-घूंसों के साथ डंडों का भी इस्तेमाल किया। घटना के दौरान स्थानीय लोगों और अन्य श्रद्धालुओं ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन स्थिति कुछ समय तक तनावपूर्ण बनी रही।
प्रशासन ने दिखाई सख्ती
पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। वहीं, पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी।