“Emergency Service या Beer Delivery? मध्यप्रदेश पुलिस का वायरल वीडियो ने खड़े किए बड़े सवाल”
हाइलाइट्स:
🔹 डायल-112 वाहन से शराब मंगाने का वीडियो वायरल
🔹 ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप
🔹 आरक्षक और वाहन चालक तत्काल निलंबित
🔹 विभागीय जांच जारी, हो सकती है बड़ी कार्रवाई
रीवा में जनता की सुरक्षा के लिए तैनात डायल-112 वाहन पर शराब मंगाने का आरोप, वायरल वीडियो के बाद पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
रीवा | THE NewsBar
मध्य प्रदेश के रीवा जिले से पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गंगेव क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात डायल-112 वाहन से कथित तौर पर बियर और शराब मंगवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक शराब दुकान से बोतलें लेकर सीधे पुलिस वाहन की ओर जाता दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि डायल-112 वाहन का सायरन बजाकर युवक को संकेत दिया गया और इसके बाद वह शराब लेकर वाहन तक पहुंचा। घटना का वीडियो सामने आते ही लोगों में नाराजगी फैल गई और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने तुरंत जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आने पर आरक्षक समर पटेल और वाहन चालक अनूप विश्वकर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा ने कहा कि मामले की विभागीय जांच जारी है और दोषियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।