The NewsBar | पांढुर्णा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांढुर्णा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक आरोपी को MD (मेथामफेटामाइन) ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुन्दर सिंह कनेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सोनी के निर्देशन तथा एसडीओपी ब्रजेश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमित कुमार दाणी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 की रात लगभग 7 बजे NH-47 पर भंडारगोंदी तिराहा स्थित शिव दर्शन ढाबा के सामने पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक भी कर रही थी। इसी बीच एक सफेद यामाहा FZ मोटरसाइकिल चालक पुलिस को देखकर घबराया हुआ नजर आया। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के मोबाइल कवर के अंदर छुपाकर रखी गई दो ज़िप लॉक पॉलिथीन में सफेद-भूरे रंग का MD (मेथामफेटामाइन) पाउडर बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 4.67 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही आरोपी के कब्जे से रेडमी मोबाइल फोन, सिम कार्ड और यामाहा FZ मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस ने आरोपी योगेश पैठनकर के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में भी कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों और तस्करों तक पहुंच बनाई जा सके।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमित कुमार दाणी, उप निरीक्षक शिवकरण पांडे, प्रधान आरक्षक गजानन मांगुलकर, आरक्षक अशोक हरसुले, पुष्पेंद्र सिंह एवं अखिलेश हिंगवे का सराहनीय योगदान रहा।