नागपुर मेडिकल कॉलेज में हुआ था सिर का ऑपरेशन, पांढुर्णा के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान थमी जिंदगी
THE NewsBar | पांढुर्णा। गोटमार मेले के दौरान पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल हुए 55 वर्षीय जीवन सलामे, निवासी जवाहर वार्ड शिवनगर, की करीब 20 दिन बाद गुरुवार शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। जीवन सलामे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को आयोजित गोटमार मेले के दौरान शाम करीब 5 बजे पुलिया के पास पत्थर लगने से जीवन सलामे के सिर में गंभीर चोट आई थी। परिजन उन्हें तत्काल पांढुर्णा के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
नागपुर में चिकित्सकीय जांच के दौरान सिर में गंभीर चोट के चलते रक्त का थक्का जमने की जानकारी सामने आई। इसके बाद चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद भी करीब 20 दिनों तक जीवन सलामे का उपचार जारी रहा। गुरुवार शाम पांढुर्णा के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
20 दिन तक अस्पतालों के चक्कर, परिवार पर आर्थिक संकट
मृतक के बेटे के अनुसार, पिता के घायल होने के बाद से परिवार लगातार उनके इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर काटता रहा। लंबे उपचार के दौरान परिवार को आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। करीब 20 दिनों तक उपचार के बावजूद जीवन सलामे को बचाया नहीं जा सका।
गोफन से पत्थर चलाने वाले दो युवक गिरफ्तार; अन्य 6 की तलाश जारी
इधर, गोटमार मेले के दौरान गोफन से पत्थर चलाने के मामले में प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जीवन सलामे की मौत के बाद इस मामले में प्रशासनिक एवं पुलिस कार्रवाई आगे बढ़ने की संभावना है। मामले में पुलिस द्वारा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।