विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

जयपुर में प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर हमला, जड़े थप्पड़ मचा बवाल

Share:

Join Whatsapp group

THE NewsBar | जयपुर। नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर भीड़ के बीच अचानक हमला हो गया। दो युवकों ने मंच के पास पहुंचकर दीपके को लगातार कई थप्पड़ जड़ दिए, जिससे प्रदर्शन स्थल पर हंगामा खड़ा हो गया।

शहीद स्मारक पर आयोजित इस प्रदर्शन में देशभर से आए युवा शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके को उनके समर्थक कंधों पर बैठाकर भीड़ के बीच लेकर जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद दो युवक अचानक आगे आए और उन्होंने दीपके पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही सेकंड में उन्हें कई थप्पड़ मारे गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद समर्थक हमलावरों पर टूट पड़े। एक युवक मौके से भागने में सफल रहा, जबकि दूसरे को समर्थकों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे प्रदर्शनकारी

कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से यह प्रदर्शन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया था। प्रदर्शनकारी “पेपर लीक बंद करो”, “मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है” जैसे नारे लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे थे। कई युवाओं के हाथों में तिरंगा भी नजर आया।

पुलिस ने दी थी सीमित अनुमति

जयपुर पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति कुछ शर्तों के साथ दी थी। प्रशासन ने अधिकतम 800 लोगों की उपस्थिति, रैली न निकालने और यातायात बाधित न करने जैसी शर्तें रखी थीं। प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए आयोजकों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया था।

मोबाइल चोरी की शिकायतें भी सामने आईं

प्रदर्शन के दौरान कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायतें भी सामने आईं। इसके बाद मंच से बार-बार लोगों से अपने मोबाइल और निजी सामान की सुरक्षा करने की अपील की गई। घटना के बावजूद अभिजीत दीपके ने मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया और आंदोलन जारी रखने की बात कही।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि अभिजीत दीपके समर्थकों के कंधों पर बैठे हुए हैं और तभी कुछ युवक अचानक उनके पास पहुंचकर थप्पड़ मार देते हैं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

error: Copy not allowed