THE NewsBar | पांढुर्णा। लंबे समय से अलग पहचान की प्रतीक्षा कर रहे पांढुर्णा जिले को अब परिवहन व्यवस्था में भी नई पहचान मिल गई है। पांढुर्णा जिले को अपना अलग आरटीओ (RTO) कोड MP-74 आवंटित कर दिया गया है। इसके बाद अब पांढुर्णा और आसपास के क्षेत्रों, विशेषकर सौसर विकासखंड में पंजीकृत होने वाले नए वाहनों की नंबर प्लेट पर MP-74 अंकित होगा।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2023 में पांढुर्णा को मध्य प्रदेश का नया जिला घोषित किए जाने के बाद से ही जिले को अलग प्रशासनिक पहचान मिलने की प्रक्रिया जारी थी। इसी कड़ी में अब परिवहन विभाग द्वारा भी जिले को स्वतंत्र पहचान देते हुए नया आरटीओ कोड प्रदान किया गया है।
अब तक पांढुर्णा क्षेत्र के वाहन छिंदवाड़ा जिले के RTO कोड MP-28 के अंतर्गत पंजीकृत किए जाते थे, क्योंकि पांढुर्णा पहले छिंदवाड़ा जिले का हिस्सा था। लेकिन नया कोड मिलने के बाद जिले के वाहन पंजीयन, स्वामित्व हस्तांतरण, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य परिवहन संबंधी सेवाओं में स्थानीय स्तर पर सुविधा बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिले के नागरिकों और वाहन मालिकों के लिए यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे पांढुर्णा को प्रशासनिक ही नहीं बल्कि परिवहन व्यवस्था में भी अलग पहचान प्राप्त हुई है। नए वाहन अब MP-74 श्रृंखला के तहत पंजीकृत होंगे, जिससे जिले की पहचान और अधिक मजबूत होगी।
मुख्य बिंदु :
• पांढुर्णा जिले को मिला नया RTO कोड MP-74
• अक्टूबर 2023 में जिला बनने के बाद मिली नई प्रशासनिक पहचान।
• पहले वाहनों का पंजीयन MP-28 (छिंदवाड़ा) के तहत होता था।
• अब नए वाहनों की नंबर प्लेट पर दिखाई देगा MP-74
• वाहन पंजीयन और परिवहन सेवाओं में मिलेगी स्थानीय सुविधा।