विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

पांढुर्णा में विकास परियोजनाओं का प्रभारी मंत्री ने की मैराथन समीक्षा, करोड़ों की परियोजनाओं का किया निरीक्षण

Share:

Join Whatsapp group

स्वास्थ्य, सिंचाई, शिक्षा और पुलिस अधोसंरचना पर फोकस, किसानों को मिलेगा विशेष भू-अर्जन पैकेज का बड़ा लाभ

THE NewsBar | पांढुर्णा।
जिले के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को जिला विकास सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक नगर पालिका परिषद सभाकक्ष पांढुर्णा में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री ने की। इस दौरान जिले में संचालित स्वास्थ्य, सिंचाई, शिक्षा, पुलिस अधोसंरचना, पेयजल एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने जिले में चल रहे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण भी किया।

बैठक में कलेक्टर ने जिले की विकास योजनाओं की प्रगति प्रस्तुत करते हुए बताया कि जामसांवली हनुमान मंदिर परिसर में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हनुमान लोक परियोजना का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया जा चुका है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जानकारी देते हुए बताया गया कि जिला अस्पताल के लिए भूमि चयन एवं डिजाइन अंतिम चरण में है, जबकि जिला अस्पताल संचालन हेतु दो डायलिसिस मशीनें प्राप्त हो चुकी हैं। जिले में ब्लड बैंक स्थापना का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।

सिंचाई परियोजना से किसानों को बड़ी राहत

अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री ने बताया कि छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्पलेक्स परियोजना जिले की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से लगभग 89 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। पांढुर्णा बांध के लिए भू-अर्जन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है तथा विशेष भू-अर्जन पैकेज की स्वीकृति भी शासन स्तर से मिल गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में गुणांक 2.0 किए जाने से डूब प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर लगभग 12.5 लाख रुपये तक मुआवजा मिलने की संभावना जताई गई। इसके अलावा पुनर्वास लाभ के रूप में प्रत्येक परिवार को लगभग 25 लाख रुपये तक का अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा।

जल जीवन मिशन और आवास योजना में जिले की उपलब्धि

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले के 152 गांवों में नल-जल योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और अब तक 60 हजार से अधिक परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में जिले ने राज्य स्तर पर पांचवीं रैंक प्राप्त की है। वहीं ‘वॉश ऑन व्हील्स प्लस’ योजना में जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है।

पुलिस अधोसंरचना को मिलेगा विस्तार

पुलिस अधीक्षक ने जिले में पुलिस बल की कमी और अधोसंरचना संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कम्युनिकेशन सेंटर का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा पुलिस कंट्रोल रूम निर्माण अंतिम चरण में है। जिले में 40 स्थानों पर 208 सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी प्रस्तुत की गई।

ई-विकास प्रणाली से किसानों को राहत

बैठक में उर्वरक वितरण की ई-विकास प्रणाली की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री तोमर ने कहा कि नई व्यवस्था से किसानों को लाइन में लगने की परेशानी से राहत मिलेगी। उपसंचालक कृषि विभाग ने बताया कि अब तक 5025 किसानों द्वारा ई-टोकन बुक किए गए हैं और लगभग 556 मीट्रिक टन उर्वरकों का उठाव किया जा चुका है।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन

शिक्षा विभाग की समीक्षा में बताया गया कि कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 84 प्रतिशत और 12वीं का परिणाम 85 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर है। जिले के विद्यार्थियों ने राज्य मेरिट सूची एवं योग प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले की 57 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किए जाने, आयुष्मान कार्ड निर्माण, सिकल सेल स्क्रीनिंग एवं सोनोग्राफी सेवाओं की उपलब्धियों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

प्रभारी मंत्री ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण

बैठक के बाद प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कलमगांव मंडी परिसर में प्रस्तावित जिला अस्पताल स्थल, निर्माणाधीन नवीन कलेक्टर कार्यालय, एसपी कार्यालय एवं पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जिले के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। बैठक में विधायक , , जिला अध्यक्ष , नगर पालिका अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Copy not allowed