“इश्क, जिद और गुस्सा… प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, प्रेमी की मौत के बाद प्रेमिका गिरफ्तार”
THE NewsBar | पांढुर्णा/सौंसर
पांढुर्णा जिले के सौंसर थाना क्षेत्र में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में प्रेम प्रसंग के चलते हुई हत्या में एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेमी द्वारा युवती पर लगातार गुजरात चलने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला हत्या तक पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को थाना सौंसर क्षेत्र के सावली गांव स्थित झोपड़ी में एक युवक मृत अवस्था में मिला था। मृतक की पहचान आकाश परमार निवासी गुजरात के रूप में हुई। शव के गले पर दबाव के निशान थे तथा शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई गई।
जांच के दौरान पता चला कि मृतक आकाश परमार और युवती सुनन्दा धुर्वे (21 वर्ष) के बीच प्रेम संबंध थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आकाश लगातार सुनन्दा पर अपने साथ गुजरात चलने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
घटना वाले दिन दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच आकाश सुनन्दा की झोपड़ी में पहुंचा और फिर से साथ चलने की बात करने लगा। मना करने पर विवाद बढ़ गया। गुस्से में सुनन्दा ने पहले धक्का दिया और बाद में गले में पड़े दुपट्टे से आकाश का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सौंसर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस ने घटनास्थल से रक्तरंजित कंबल, मृतक का मोबाइल, चप्पल और हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा जब्त किया है।
इस कार्रवाई में थाना सौंसर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।