ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को एक अत्यंत दुखद और भयावह सड़क दुर्घटना सामने आई है। मुरबाड के गोविली गांव स्थित रैता पुल पर सुबह करीब 11:30 बजे एक वैन और सीमेंट मिक्सर के बीच जोरदार सीधी भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार नौ लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार सीमेंट मिक्सर ने वैन को सामने से टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बचाव दल और मेडिकल टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। मलबे से शवों को निकालने के साथ ही तीन घायलों को गंभीर स्थिति में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
इस दुर्घटना के बाद पुल पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को इस भीषण हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या ड्राइवर की लापरवाही के कारण।