विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

मेडिकल छात्रों के लिए गूगल की बड़ी सौगात: अब जेमिनी एआई पर मुफ्त में दें NEET UG मॉक टेस्ट, असली परीक्षा जैसा मिलेगा अनुभव

Share:

Join Whatsapp group

The NewsBar |  हैदराबाद। देश के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। गूगल ने अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म जेमिनी (Gemini) पर मुफ्त NEET UG मॉक टेस्ट की सुविधा शुरू कर दी है। नई दिल्ली में लॉन्च किए गए इस फीचर का मुख्य उद्देश्य छात्रों को बिना किसी आर्थिक बोझ के असली परीक्षा जैसा माहौल और गुणवत्तापूर्ण अभ्यास सामग्री उपलब्ध कराना है। अब छात्रों को महंगी टेस्ट सीरीज या भारी-भरकम कोचिंग मटेरियल पर निर्भर रहने की मजबूरी नहीं होगी।

दिग्गज एडुटेक संस्थानों के साथ मिलाया हाथ: गूगल ने इस फीचर को सटीक और प्रभावी बनाने के लिए भारत के दो प्रमुख एजुकेशन प्लेटफॉर्म्स— फिजिक्स वाला (Physics Wallah) और केयर्स 360 (Careers360) के साथ साझेदारी की है। इन संस्थानों की विशेषज्ञता के चलते जेमिनी द्वारा तैयार किए गए पेपर्स का कठिनाई स्तर, प्रश्नों का पैटर्न और समय सीमा पूरी तरह से वास्तविक NEET UG परीक्षा के अनुरूप रखी गई है। इससे छात्र अपनी तैयारी का सटीक आकलन कर सकेंगे।

कैसे करें इस्तेमाल? इस सुविधा का लाभ उठाना बेहद सरल है। छात्रों को बस जेमिनी ऐप या वेबसाइट पर जाकर “I want to take a NEET mock exam” टाइप करना होगा।

  • फुल लेंथ टेस्ट: प्रॉम्प्ट देते ही स्क्रीन पर टाइमर के साथ पूरा पेपर आ जाएगा।

  • स्टेप-बाय-स्टेप समाधान: टेस्ट पूरा होने के बाद एआई न केवल स्कोर बताएगा, बल्कि हर गलत उत्तर का विस्तृत विवरण (Explanation) भी देगा।

  • पर्सनलाइज्ड फीडबैक: जेमिनी छात्र के कमजोर विषयों की पहचान कर उन्हें सुधारने के सुझाव भी देता है, जो एक निजी ट्यूटर की तरह काम करता है।

पूरी तरह निशुल्क सेवा: गूगल की यह सेवा पूरी तरह से मुफ्त है, जिसके लिए केवल एक गूगल अकाउंट होना अनिवार्य है। फिलहाल यह सुविधा अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है, लेकिन गूगल भविष्य में अन्य भारतीय भाषाओं को भी जोड़ने की योजना बना रहा है। यह फीचर वेब और मोबाइल ऐप दोनों प्लेटफॉर्म पर पूरे भारत में एक्टिव है।

गूगल इससे पहले SAT और JEE Main के लिए भी इसी तरह की सुविधा ला चुका है। अब मेडिकल स्ट्रीम के छात्रों को भी इसमें शामिल करना शिक्षा के क्षेत्र में एक ‘गेम चेंजर’ माना जा रहा है। खासकर उन ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए, जो महंगे कोचिंग कोर्स वहन नहीं कर सकते, जेमिनी अब एक सशक्त लर्निंग टूल बनकर उभरा है।

error: Copy not allowed