The NewsBar | अनूपपुर (मध्य प्रदेश)।
जिले में लव ट्रायंगल से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। एक युवक ने अपनी नाबालिग प्रेमिका और उसके साथी के साथ मिलकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सिंघौरा निवासी शैलेष कुमार महरा (24) ने 15 अप्रैल को अपनी पत्नी गुड़िया महरा के लापता होने की रिपोर्ट चौकी वेंकटनगर में दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान 18 अप्रैल को उमरिया बीट के जंगल क्षेत्र (बीट क्रमांक 313) में सिद्धबाबा मंदिर की पहाड़ी के पीछे एक महिला का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। बाद में शव की पहचान गुड़िया महरा के रूप में की गई।
मामले ने उस वक्त नया मोड़ लिया जब मृतका के परिजनों ने पुलिस को अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला को आखिरी बार उसके पति शैलेष और उसकी नाबालिग प्रेमिका के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर पति से सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 14 अप्रैल की सुबह उसने अपनी नाबालिग प्रेमिका और एक अन्य नाबालिग के साथ मिलकर पत्नी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद तीनों ने मिलकर शव को पेड़ पर लटका दिया, ताकि घटना आत्महत्या प्रतीत हो।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोगों को झकझोर कर रख दिया है।