पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आज सामने आ रहे हैं। रुझानों में बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस की हालत खराब है। इस बीच ममता बनर्जी का चौंकाने वाला बयान सामने आया है।
HighLights
- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आज सामने आ रहे हैं
- रुझानों में बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बना रही है
- ममता बनर्जी बोलीं कि लास्ट राउंड में जीत हमारी ही होगी
THE NewsBar | पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आज सामने आ रहे हैं। रुझानों में बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस की हालत खराब है। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि बेशक रुझानों में बीजेपी आगे दिख रही है, लेकिन आखिरी राउंड में जीत हमारी ही होगी।
उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं और एजेंटों का मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया है। उन्होंने भाजपा, चुनाव आयोग और केंद्रीय बलों पर मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाते हुए जीत का भरोसा दिलाया है। उनके मुताबिक, अंतिम नतीजे आने पर टीएमसी ही जीतेगी।
भवानीपुर से TMC उम्मीदवार व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिग सेंटर छोड़कर न आएं। यह भाजपा का प्लान है, मैं कल से ही बोल रही हूं पहले उन्हें आगे दिखाया जाएगा। कई जगह उन्होंने काउंटिंग को बंद कर रखा है। कल्याणी में ऐसी मशीनें मिली हैं जहां कोई मेल नहीं है। सेंट्रल फोर्स के जरिए हर तरफ से TMC पर अत्याचार हो रहा है।”
ममता बनर्जी ने आगे कहा, “SIR के जरिए उन्होंने वोट लूटने की कोशिश की और अब भी 100 से ज्यादा सीटों पर हम आगे हैं जिसे बताया नहीं जा रहा। सब गलत बताया जा रहा है। पूरी तरह चुनाव आयोग अपनी इच्छा से काम कर रहा है और उनके साथ सेंट्रल फोर्स भी है। सेंट्रल फोर्स के साथ पुलिस भी काम कर रही है।
मैं पार्टी कार्यकर्ताओं को कहती हूं कि मन खराब करने की जरूरत नहीं है, आप सूर्यास्त के बाद जीतेंगे। 2-4 राउंड की गिनती हुई है, 14-18 राउंड तक गिनती होती है। आखिरी राउंड के बाद हम ही जीतेंगे। किसी को डरने की कोई जरूरत नहीं है।”