THE NewsBar | छिंदवाड़ा (चौरई)। क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अंधेहत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 29 अप्रैल की रात सीतापार के आगे बोरख रोड किनारे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे।
जांच में मृतक की पहचान अखिलेश उर्फ हनुमान शर्मा निवासी गुरैया, थाना चौरई के रूप में हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसडीओपी भारती जाट के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि घटना की रात मृतक अपने परिचित राहुल विश्वकर्मा और राजिक भाट के साथ था। शराब नहीं मिलने को लेकर तीनों के बीच विवाद हो गया। बाद में वे मोटरसाइकिल से कच्ची शराब पीने जा रहे थे, तभी रास्ते में फिर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल रोककर मृतक के साथ मारपीट की। राहुल ने मृतक को पकड़ा, जबकि राजिक ने पत्थर से सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और आरोपियों के कपड़े जब्त कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल विश्वकर्मा (22) निवासी लक्कापिपरिया और राजिक भाट (24) निवासी वार्ड क्रमांक 10 चौरई शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना चौरई पुलिस और साइबर सेल की अहम भूमिका रही।