मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में किसान पिता-पुत्र को कलेक्टर को बिकाऊ कहना महंगा पड़ गया. पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
THE NewsBar | Khandwa News: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में किसान पिता-पुत्र को कलेक्टर को बिकाऊ कहना महंगा पड़ गया. पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया. दोनों कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे थे। आरोप है कि जनसुनवाई के दौरान दोनों हंगामा करने लगे और मारपीट की नौबत आ गई. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. हालांकि पुलिस का कहना है कि 6 घंटे बाद दोनों को जमानत पर छोड़ दिया. वहीं घटना के विरोध में कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया।
‘पुलिस ना पकड़ती तो हालात बेकाबू हो जाते’
पूरा मामला खंडवा कलेक्टर कार्यालय का है. यहां छेगांवमाखन क्षेत्र के एक किसान रामनारायण कुमरावत अपने बेटे श्याम कुमरावत के साथ कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे थे. दोनों खेत की मेड़ और रास्ता निकालने की बात को लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे. पिता-पुत्र का आरोप है कि खंडवा कलेक्टर कार्यालय में उन्होंने जैसे ही आवेदन दिया, कलेक्टर ने उन्हें कक्ष से बाहर निकालने के लिए कहा. जब उन्होंने अपनी आवेदन पर न्याय के बाद कहीं तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने दोनों को कक्ष से बाहर कर दिया. विरोध करने पर पुलिस बुलाकर जेल भेज दिया।
वहीं पूरे मामले पर सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर का कहना है कि दोनों अभद्रता कर रहे थे. क्लर्क पर हमला करने पर उतारू थे. अगर उन्हें ना पकड़ा जाता तो हालात बेकाबू हो सकते थे. वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं और 6 घंटे बाद ही उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया है।
कांग्रेस के आवेदन पर मिली जमानत
आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया. उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए दोनों को जमानत देने की मांग की. इसके लिए कांग्रेस पदाधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट ऑफिस पहुंचे और कहा कि वे मुचलका देने के लिए तैयार हैं, उन्हें छोड़ा जाए. लेकिन सिटी मजिस्ट्रेट ने ये कहकर मना कर दिया कि जेल के दरवाजे बंद हो गए हैं. इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के हस्तक्षेप के बाद दोनों को रिहा किया गया